मधुबनी ब्लड बैंक में 10 संस्थाओं एवं 40 रक्त वीरों को सिविल सर्जन ने किया सम्मानित
रक्तदान को बताया जीवनदान का सबसे बड़ा उपहार — नियमित रक्तदाताओं के योगदान से बचाई गई अनगिनत जानें
मधुबनी, 17 फरवरी 2026।
जिला मुख्यालय स्थित ब्लड बैंक, सदर अस्पताल में आज एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर के नियमित रक्तदाताओं एवं सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉक्टर हरेंद्र कुमार ने 10 संस्थाओं एवं 40 रक्त वीरों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना और लोगों को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए प्रेरित करना था। सिविल सर्जन ने अपने संबोधन में कहा कि “रक्तदान महादान है, यह एक ऐसा उपहार है जो किसी की जान बचा सकता है। नियमित रक्तदाता हमारे समाज के सच्चे नायक हैं, जिनकी संवेदनशीलता और निःस्वार्थ भावना से अनेक परिवारों को नई जिंदगी मिली है।”
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार, ब्लड बैंक प्रभारी डॉक्टर कुणाल कौशल, एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि मधुबनी ब्लड बैंक में प्रतिवर्ष हजारों यूनिट रक्त एकत्र किया जाता है, जिसमें सामाजिक संस्थाओं और स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहता है।
सम्मानित संस्थाओं में अयाची नगर युवा फाउंडेशन सरसोपाही, अशोक सम्राट सेवा समिति झंझारपुर, रोटी बैंक जयानगर, ब्लड प्लस, सेवानिधि फाउंडेशन, सखी बहिनपा मैथिलानी समूह , कोशी रक्तवीर समूह, लाइंस क्लब, 48 बटालियन एसएसबी जयनगर, एलआईबी समेत अन्य सक्रिय संस्थाएं शामिल थीं। वहीं, व्यक्तिगत रक्तदाताओं में वे लोग सम्मानित किए गए जिन्होंने वर्षभर में कई बार रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
समारोह के अंत में जिलाधिकारी ने उपस्थित युवाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से रक्तदान अभियान में शामिल होकर समाज की सेवा करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। कार्यक्रम का संचालन ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. कुणाल ने किया।
ब्लड बैंक में वर्तमान में ब्लड की स्थिति
ओ पॉजिटिव -19
ओ नेगेटिव-4
ए पॉजिटिव- 17
ए निगेटिव- 00
बी पॉजिटिव 7
बी नेगेटिव -03
एबी पॉजिटिव - 03
एबी नेगेटिव- 00



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें