गणतंत्र दिवस परेड में शामिल हुआ कैडेट दिलशाद सम्मानित : बटालियन को मिले 12 आपदा मित्र
रिपोर्ट : उदय कुमार झा
मधुबनी : 17:02:2026
मधुबनी : 34 बिहार बटालियन एनसीसी का कैडेट एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय कलुआही (लौकही) का छात्र मो. दिलशाद आलम अपनी काबिलियत के दम पर 2026 ई. के गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह, दिल्ली में भाग लेकर मधुबनी वापस पहुँचा । मंगलवार को बटालियन मुख्यालय में एक सादे समारोह में कमांडिंग अफसर कर्नल नितिन झा ने मोमेंटो एवं प्रमाणपत्र देकर उसे सम्मानित किया। इस अवसर पर कर्नल झा ने कहा कि सभी कैडेटों को दिलशाद के मेहनत और धैर्य से सीख लेनी चाहिए। साथ ही, इस बटालियन के बारह कैडेटों को युवा आपदा मित्र स्कीम के तहत समस्तीपुर में लगे कैंप में एनडीआरएफ के जवानों की तरह आपदा से लड़ने और आम जनता की जान बचाने के लिए पूरी तरह प्रशिक्षित किया गया। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण समाप्त करके वापस आने के उपरान्त इन सभी बारह कैडेटों - मो. फहीम, माज़दा खातून, ज्योति कुमारी, निशा कुमारी, मनीष कुमार, नैना कुमारी, सुबिता कुमारी, रोशनी कुमारी, अजीत कुमार, मो. मुश्ताक अंसारी, सुमित साफी एवं निखिल कुमार को आपदा रक्षा किट कर्नल झा द्वारा प्रदान किया गया। कैडेटों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस किट द्वारा हमारे प्रशिक्षित कैडेट बाढ़, भूकंप, आग जैसे प्राकृतिक आपदाओं से यहाँ के नागरिकों की रक्षा करने में समर्थ होंगे।
इस अवसर पर ले. कर्नल पी.के. सिंह, कैप्टेन मनोज चौधरी, सूबेदार एन.सी. मेहता, बी.के. मल्लिक, रामलाल, हवलदार मंगेश कुमार, लश्क़र अशोक कुमार सहित सभी स्टाफ एवं कैडेट उपस्थित थे ।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें