ब्रिगेडियर संजीव मेहरोत्रा का दरभंगा दौरा सम्पन्न
रिपोर्ट : उदय कुमार झा
दरभंगा : 07:04:2026
दरभंगा : मंगलवार को एनसीसी ग्रुप मुजफ्फरपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर संजीव मेहरोत्रा ने दरभंगा स्थित 8 बिहार बटालियन एनसीसी, ए 1 डिफेन्स लैंड एवं 2 मेडिकल यूनिट का निरीक्षण किया। दौरे के प्रारम्भ में ब्रिगेडियर मेहरोत्रा का स्वागत 8 बिहार बटालियन एनसीसी, दरभंगा के कमांडिंग अफसर ले. कर्नल डी.के. सिंह, सूबेदार मेजर मदन तमांग, जेसीओ, पीआई स्टाफ, सिविल स्टाफ द्वारा पूरे सैन्य अनुशासन के साथ किया गया। कमांडिंग अफसर ने बटालियन के प्रशिक्षण कार्यक्रम, कैडेट्स की उपलब्धियां, सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता, वार्षिक योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों का व्यापक विवरण ग्रुप कमांडर के समक्ष प्रस्तुत किया। तत्पश्चात ग्रुप कमांडर ने एनसीसी स्टोर्स का गहन निरीक्षण किया एवं यूनिफॉर्म, प्रशिक्षण उपकरण, कैंप सामग्री एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, रख-रखाव एवं रिकॉर्ड की जाँच की गई । इसके बाद उन्होंने ऑफिस परिसर, स्टाफ लिविंग एरिया एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया ।
निरीक्षण के बाद ग्रुप कमांडर ने समुचित प्रबंधन पर संतोष व्यक्त करते हुए स्टाफ को निरंतर सुधार एवं उत्कृष्टता की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया । उन्होंने यह भी कहा कि एक सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्था ही किसी भी प्रशिक्षण संस्थान की रीढ़ होती है । दौरे के दौरान ब्रिगेडियर मेहरोत्रा ने अधिकारियों एवं स्टाफ के साथ संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अनुभवों को भी सुना। साथ ही, कैडेटों के समग्र विकास पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है ।
ब्रिगेडियर मेहरोत्रा का निरीक्षण दौरा दरभंगा स्थित 8 बिहार बटालियन एनसीसी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ जिससे भविष्य में कैडेट्स को और अधिक गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जा सकेगा ।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें