पत्रकार की आड़ में ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाला यादव समेत तीन गिरफ्तार
विशेष संवाददाता : प्रभु मिश्रा
06:08:2026
काठमांडू /नेपाल : पत्रकार की आड़ में मादक पदार्थ की तस्करी करने के आरोप में पुलिस ने 44.340 ग्राम ब्राउन शुगर (खैरो हेरोइन) के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो के अनुसार, बुधवार को सिरहा के मिर्चैया से काठमांडू आ रही बा 16 च 7846 नंबर की कार को बर्दिबास शाखा की पुलिस टीम ने सिंधुली जिले के दुधौली नगरपालिका-9 में संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के गियर बॉक्स में छिपाकर रखी गई 44 ग्राम 340 मिलीग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिराहा के लक्ष्मीपुर पतारी गांवपालिका-2 निवासी 26 वर्षीय उमेश कुमार यादव, उसी स्थान के 25 वर्षीय गुलशन प्रसाद साह तथा लहान नगरपालिका-10 निवासी 30 वर्षीय रमेश कुमार राम के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, उमेश कुमार यादव के पास से 'जागरण खबर' नामक मीडिया संस्थान का परिचय पत्र भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह जिस कार का उपयोग कर रहा था, उसे काठमांडू स्थित हुलास फाइनान्स से किश्तों पर खरीदा गया था।
ब्यूरो के प्रवक्ता दुर्गाराज रेग्मी ने बताया कि तीनों आरोपियों को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए सिंधुली के डकाहा स्थित इलाका पुलिस कार्यालय भेज दिया गया है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें