लालमणि मेमोरियल संस्थान का तीस दिवसीय मिथिला पेंटिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
न्यूज़ डेस्क : मधुबनी
19:08:2026
मधुबनी : लालमणि मेमोरियल संस्थान, नवटोली मधुबनी द्वारा मिथिला पेंटिंग के कलाकारों के लिए तीस दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन मेयर अरुण राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर उन्होंने कहा कि मिथिला पेंटिंग सिर्फ एक कला नहीं, बल्कि हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। यह हमारी संस्कृति और सभ्यता से गहराई से जुड़ी हुई है और पीढ़ी-दर-पीढ़ी हमारे साथ चलती आ रही है। एक मैथिल होने के नाते हमें अपनी इस समृद्ध कला और परंपरा की जानकारी होनी चाहिए। आज देश-दुनिया में मिथिला पेंटिंग को लेकर बढ़ती जिज्ञासा और उत्साह इस कला से जुड़े कलाकारों के बेहतर भविष्य निर्माण का आकर्षक अवसर है।
मेयर राय ने कहा कि मिथिला पेंटिंग को देश-दुनिया में पहचान मिल रही है। ऐसे में इस क्षेत्र के नवोदित कलाकारों को प्रशिक्षण के साथ-साथ उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लालमणि मेमोरियल संस्थान से प्रशिक्षित कलाकारों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का वे प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें जहां भी अवसर मिलेगा, वहां इन कलाकारों को आगे बढ़ाने और उनके लिए रोजगार एवं बेहतर जीवन की संभावनाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के कोषाध्यक्ष मंगल राय ने मिथिला की परंपरा के अनुरूप मेयर अरुण राय का पाग एवं दोपट्टा पहनाकर स्वागत किया। संस्थान के सचिव जितेंद्र मोहन झा ने मेयर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यशाला में पहुंचकर नवोदित कलाकारों का उत्साहवर्धन करने से प्रशिक्षुओं का मनोबल बढ़ा है। इसके लिए संस्था उनके प्रति आभार व्यक्त करती है।
मौके पर प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रशिक्षक शमां परवीन, अजमतुन्निशा सहित संस्थान के अन्य सदस्य एवं नवोदित कलाकार उपस्थित थे। 30 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को मिथिला पेंटिंग की पारंपरिक शैली, तकनीक एवं बारीकियों से अवगत कराया जाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें