Breaking

Post Top Ad

Your Ad Spot

शनिवार, 22 अगस्त 2026

भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा को लेकर जलेश्वर में समन्वयात्मक बैठक

 भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा को लेकर जलेश्वर में समन्वयात्मक बैठक, अपराध नियंत्रण और सूचना साझा करने पर बनी सहमति






प्रभु मिश्रा की खास रिपोर्ट 

22:08:2026


महोत्तरी :  नेपाल के महोत्तरी जिले के मुख्यालय जलेश्वर में शनिवार को नेपाल और भारत के सुरक्षा अधिकारियों के बीच समन्वयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीमा सुरक्षा, सीमा अपराध नियंत्रण, मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक, सीमा स्तंभों की सुरक्षा एवं रखरखाव, अवैध हथियारों की तस्करी तथा मानव तस्करी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।


बैठक में नेपाल की ओर से महोत्तरी, सर्लाही और रौतहट तथा भारत की ओर से सीतामढ़ी जिले के सुरक्षा अधिकारियों ने भाग लिया।


महोत्तरी के प्रमुख जिला अधिकारी (CDO) इन्द्रदेव यादव ने बताया कि दोनों देशों के सुरक्षा बलों द्वारा किए जा रहे संयुक्त गश्त के क्षेत्रों का विस्तार करने तथा सीमा अपराध से जुड़ी घटनाओं की सूचना आपस में साझा करने पर सहमति बनी है।


भारत के सीतामढ़ी के जिलाधिकारी तनय सुलतानिया ने दोनों देशों के सुरक्षा बलों द्वारा सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सीमा स्तंभों की देखरेख एवं मरम्मत के साथ-साथ सीमा क्षेत्र में होने वाले अपराध, मानव तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए आपसी समन्वय और सूचना आदान-प्रदान पर जोर दिया।


सीतामढ़ी के जिलाधिकारी तनय सुलतानिया ने कहा कि बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी, सीमा सुरक्षा, सीमा स्तंभों की मरम्मत और बाढ़ नियंत्रण सहित विभिन्न सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के चारों जिलों के बीच समन्वय लगातार बेहतर हो रहा है। आगामी दिनों में मादक पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण और सूचना के त्वरित आदान-प्रदान के लिए विशेष टीम गठित करने के विषय पर भी सहमति बनी है।


बैठक में दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारियों ने सीमा पर होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आपसी सहयोग और समन्वय को और मजबूत करने पर जोर दिया। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस बैठक से आने वाले दिनों में भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।


बैठक में महोत्तरी के प्रमुख जिला अधिकारी इन्द्रदेव यादव, सर्लाही के प्रमुख जिला अधिकारी विजयराज सुवेदी, रौतहट के प्रमुख जिला अधिकारी दिनेश सागर, सीतामढ़ी के जिलाधिकारी तनय सुलतानिया तथा सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन सहित दोनों देशों के संबंधित सुरक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Top Ad

Your Ad Spot
cuet.nta.nic.in पर जारी होने वाला है सीयूईटी रिजल्ट, यहां मिलेगा स्कोर कार्ड