शादी की खुशी में डीजे बजा रहे लोगों ने पुलिस पर किया हमला : दो थानाध्यक्षों समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी जख्मी
* बचाव में पुलिस को करनी पड़ी हवाई फायरिंग
* घटना में शामिल चार लोग गिरफ्तार
* 50 नामजद व सौ से अधिक अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज
न्यूज़ डेस्क : मधुबनी
मधुबनी जिले के हरलाखी थाना क्षेत्र के विशौल गांव में लोगों ने पुलिस के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दे दिया। घटना शुक्रवार रात की है। दरअसल हरलाखी थानाध्यक्ष अनोज कुमार एवं खिरहर थानाध्यक्ष अंजेश कुमार दोनों किसी केस के अनुसंधान में गए हुए थे, जहां से दोनों थानाध्यक्ष वापस आ रहे थे। इसी क्रम में विशौल गांव स्थित एनएच-227 मार्ग पर करीब दो सौ की संख्या में महिला पुरूष भोजपुरी अश्लील गीतों पर नाच रहे थे, जिससे आवागमन अवरुद्ध हो रहा था। इसी दौरान थानाध्यक्ष की गाड़ी पहुंची, जहां समझाने बुझाने पर डीजे पर नाच रहे लोगों ने दोनों थानाध्यक्षों पर हमला कर दिया। आनन-फानन में थानाध्यक्ष ने गश्ती गाड़ी को बुलाया, लेकिन गश्ती गाड़ी के आते ही वे लोग ने ईंट पत्थर बरसाने लगे। विवश होकर पुलिस को कई राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी ; हालांकि गोली चलाने की पुष्टि थानाध्यक्ष ने नहीं की है। इस घटना में हरलाखी थानाध्यक्ष अनोज कुमार, खिरहर थानाध्यक्ष अंजेश कुमार, एएसआई ध्यानी पासवान, गृहरक्षक विजय कुमार, चालक विंदेश्वर चौधरी एवं चौकीदार सुरेश राम जख्मी हो गए। सभी जख्मी का इलाज़ सीएचसी उमगांव में कराया गया। थाना चौकीदार ने सुरेश राम ने बताया कि डीजे पर अश्लील गीत बजा रहे थे। सड़क पूरी तरह जाम कर दिया था, जब हम मना करने गए तो ईंट से सिर फोड़ दिया, जिससे काफी खून बहने लगा। जब हम जान बचाकर घर भागे, तो करीब दो सौ की संख्या में सभी उपद्रवियों ने मेरे घर में घुसकर मेरी पत्नी अनीता देवी, पुत्र विवेक कुमार समेत पुत्री के साथ मारपीट एवं अभद्र व्यवहार किया। मारपीट के क्रम में ही पत्नी के गले से मंगलसूत्र छीन लिया। वहीं इस घटना को लेकर दो अलग अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। चौकीदार के साथ हुई घटना में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि पच्चीस नामजद और 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान विशौल गांव निवासी मो. मोकिम, सीताराम सहनी, इंद्रेश सहनी और रंजीत सहनी के रूप में की गई है ; जबकि थानाध्यक्ष ने स्वयं के प्रतिवेदन पर 25 नामजद एवं 80 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज किया गया है। इस बाबत थानाध्यक्ष ने बताया कि डीजे रथ को जब्त कर लिया गया है। इस बाबत एसडीपीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस के साथ मारपीट करने वाले को बक्शा नही जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें