कम समय होने के बावजूद एनसीसी कैडेटों का मैट्रिक में बेहतर रिजल्ट
रिपोर्ट : उदय कुमार झा
मधुबनी : 29:03:2026
मधुबनी : सामान्यतः आमलोगों के मन में यह धारणा बनी रहती है कि एनसीसी के कैडेटों को परेड एवं विभिन्न शिविरों में जाने के कारण पढ़ाई करने का समय नहीं मिलता है और वे अपना बहुमूल्य समय एनसीसी के पीछे गँवा देते हैं। आज मैट्रिक की परीक्षा का ज़ब रिजल्ट सामने आया है, तो इस धारणा के विपरीत एनसीसी के कई कैडेटों ने प्रथम श्रेणी में पास कर और अच्छा अंक लाकर अपने माता - पिता एवं परिजनों को गौरवान्वित किया है।
राम चौक, भौआड़ा, मधुबनी निवासी दिनेश शाह एवं सुनीता देवी के पुत्र, वाट्सन स्कूल के छात्र एवं 34 बिहार बटालियन एनसीसी के कम्पनी सर्जेन्ट मेजर रहे हिमांशु कुमार ने 432 अंक लाकर अपने परिजनों का नाम रोशन किया है। हिमांशु ने अपना काफ़ी समय एनसीसी को दिया, सर्वश्रेष्ठ कैडेट बने, कई शिविरों में भाग लिया लेकिन ज़ब पढ़ाई की बात आई तो उसमें भी शानदार रिजल्ट मैट्रिक की परीक्षा में दिखला दिया। सूरी स्कूल, मधुबनी की एनसीसी कैडेट रही शीतल कुमारी, जो वार्ड नंबर 13, बाबूसाहब चौक निवासी लक्ष्मी शाह एवं सुमित कुमार की पुत्री है, ने एनसीसी के कई कैंप में भाग ली थी और फायरिंग के लिए मधुबनी के अलावा मुजफ्फरपुर से लेकर पटना तक गई थी, ने मैट्रिक की परीक्षा में प्रथम श्रेणी में 394 अंक लाकर पूरे परिवार एवं शुभचिंतकों को खुश कर दी है। जयनगर उच्च विद्यालय के छात्र, एनसीसी कैडेट मो. सलमान ने एनसीसी के थलसेना कैंप में राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में आयोजित कैंप में अपनी निशानेबाज़ी से सबको प्रभावित कर मेडल प्राप्त किया और अपनी बटालियन को गौरवान्वित किया। मैट्रिक की परीक्षा में सलमान ने 363 अंक प्राप्त किया और परिजनों को आनंदित कर दिया है। कामेश्वर उच्च विद्यालय, पंडौल के छात्र एवं एनसीसी कैडेट सन्नी प्रकाश ने मैट्रिक की परीक्षा में 395 अंक प्राप्त किया है । जयनगर उच्च विद्यालय के छात्र एवं कैडेट अमन ने 302 अंक प्राप्त किया है जबकि सर्वोदय उच्च विद्यालय, बैंगरा की छात्रा एवं एनसीसी कैडेट अंजलि झा ने मैट्रिक में 316 अंक प्राप्त कर सबको आनंदित कर दी है ।
इस प्रकार, 34 बिहार बटालियन एनसीसी के कई कैडेटों ने एनसीसी में समय देने के बावजूद अच्छा रिजल्ट प्राप्त किया है और इससे उनके ANO /CTO, शिक्षक एवं परिजन गौरव का अनुभव कर रहे हैं।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें