एक वरिष्ठ पत्रकार के साथ जिला प्रशासन द्वारा अभद्रता के खिलाफ पत्रकारों की बैठक
रिपोर्ट : उदय कुमार झा
07:06:2026
मधुबनी : इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के वरिष्ठ पत्रकार एवं संभ्रान्त परिवार के नागरिक अजयधारी सिंह के साथ डीएम के निर्देश पर पुलिस प्रशासन द्वारा दुर्व्यवहार के विरुद्ध ज़िले के पत्रकार रविवार को मधुबनी में एकत्र हुए एवं बैठक की । वरिष्ठ पत्रकार गाँधी मिश्र गगन के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में पत्रकारों ने समाहरणालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। इस बीच सूचना मिली कि डीएम के छुट्टी पर होने के कारण एसडीएम सदर ने एक अवसर पत्रकारों से माँगा है ताकि वे अपने स्तर से डीएम से बात कर सारी स्थिति उन्हें समझा सकें। इस जानकारी पर सभी पत्रकारों ने सदर एसडीएम की बात का सम्मान करते हुए तत्काल धरना कार्यक्रम स्थगित किया और काला बिल्ला लगाकर काम करते रहने का फैसला लिया। अब सभी पत्रकार सदर एसडीएम द्वारा दी जानेवाली सूचना के लिए प्रतीक्षारत हैँ। अगर डीएम सकारात्मक वार्ता करते हैँ तो पत्रकार संतुष्ट होंगे, अन्यथा आगे की रणनीति पर अतिशीघ्र विचार किया जाएगा। प्रशासन द्वारा किए गए दुर्व्यवहार की सूचना पीड़ित पत्रकार ने ई मेल के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, प्रेस कॉउन्सिल ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष, बिहार के मुख्यमंत्री, डीजीपी, मुख्य सचिव, केन्द्र और राज्य सरकार में मुख्य विपक्षी दलों के नेताओं के साथ ही प्रमंडलीय आयुक्त, डीआईजी एवं डीएम के पास भेज दिया है। अब पत्रकार प्रशासनिक पहल का इंतज़ार कर रहे हैँ ताकि आगे उचित एवं ठोस कदम उठाया जा सके ।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें