कर्नल झा एवं एसडीएम के बीच एनसीसी ऑफिस स्थान परिवर्तन पर हुई चर्चा
रिपोर्ट : उदय कुमार झा
मधुबनी : अपने स्थापना काल 23 अगस्त 1966 ई.से 34 बिहार बटालियन एनसीसी जलधारी चौक स्थित एक किराये के भवन में संचालित हो रहा है। विगत कुछ वर्षों से भू स्वामी द्वारा मकान खाली करने को लेकर बार-बार एनसीसी पदाधिकारियों को कहा जा रहा था। इस संबंध में कमान अधिकारियों ने ज़िला प्रशासन को ज़मीन या मकान उपलब्ध कराने को लेकर बार बार स्मार पत्र दिया था। अब इस समस्या का समाधान हो चुका है और एक निजी मकान मालिक ने अपने भवन में एनसीसी कार्यालय खोलने हेतु स्वीकृति दे दी है । ज़िला प्रशासन एवं एनसीसी मुख्यालय द्वारा भी उस भवन में एनसीसी कार्यालय स्थानांतरित करने हेतु बटालियन मुख्यालय को कह दिया गया है । अब एनसीसी का नया कार्यालय मधुबनी-रहिका मुख्य मार्ग स्थित बी.एम. कॉलेज, रहिका के नज़दीक स्थित होगा। इसी संबंध में कमांडिंग अफसर कर्नल कुसुमाकर झा ने मधुबनी सदर अनुमंडल पदाधिकारी चन्दन कुमार झा से उनके कार्यालय कक्ष में भेंट की। सदर एसडीएम ने कर्नल झा को अपने स्तर से हर सहयोग देने का आश्वासन दिया । विदित हो कि आगामी 01 अगस्त से ऑफिस शिफ्ट होने का काम प्रारम्भ होने की संभावना है। कर्नल झा ने एसडीएम के साथ हुई बातचीत पर संतोष व्यक्त किया ।
इसके साथ ही कमांडिंग अफसर ने झंझारपुर अनुमंडल स्थित अररिया संग्राम के सरकारी विद्यालय का भी निरीक्षण किया एवं छात्र -छात्राओं से एनसीसी ज्वाइन करने के बारे में बात की। उस विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा स्कूल में एनसीसी ट्रूप खोलने हेतु आवेदन दिया गया था। उसी आधार पर कमांडिंग अफसर ने स्थल निरीक्षण किया । कमांडिंग अफसर के साथ सूबेदार मेजर बिस्टू थापा एवं विनय कुमार भी मौजूद थे। अररिया संग्राम के नए सीटीओ डॉ. अमित पाण्डेय ने इन सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया और छात्र - छात्राओं से संवाद आयोजित किया।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें