थाईलैंड से लाई गई 5.5 किलो गांजा के साथ दो भारतीय नागरिक गिरफ्तार
प्रभु मिश्रा : 06:08:2026
काठमांडू (नेपाल)। नेपाल पुलिस के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने थाईलैंड से नेपाल लाई गई करीब 5.5 किलोग्राम गांजा के साथ दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी 43 वर्षीय रिंकु मेहेन और 32 वर्षीय मोहम्मद हसनैन के रूप में हुई है। दोनों को बुधवार को काठमांडू के नया बसपार्क क्षेत्र से संदिग्ध अवस्था में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, रिंकु मेहेन के सूटकेस की तलाशी लेने पर करीब 5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आगे की जांच में पता चला कि दोनों सहित तीन लोग थाईलैंड से लाई गई गांजा की खेप लेने भारत से काठमांडू पहुंचे थे।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई भारतीय नंबर प्लेट की एक कार धादिङ जिले के धुनीबेँशी नगरपालिका-9, कानाकोट क्षेत्र में लावारिस हालत में बरामद की। कार से अतिरिक्त 500 ग्राम गांजा भी बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि थाईलैंड से गांजा भेजने वाले और फरार एक अन्य आरोपी के बीच पारिवारिक संबंध हैं। पुलिस को आशंका है कि इसी वाहन का इस्तेमाल पहले भी नेपाल–भारत मार्ग के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी में किया गया था। मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है और आगे की जांच की जा रही है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें