साहित्य अकादेमी और गाम घर के संयुक्त आयोजन में छह मैथिली कवि करेंगे काव्यपाठ
न्यूज़ डेस्क : मधुबनी
19:09:2026
समस्तीपुर : साहित्य को ग्रामीण समाज और स्थानीय पाठकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से समस्तीपुर के शिवाजीनगर में ‘ग्रामलोक’ साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। साहित्य अकादेमी, भारत सरकार और ‘गाम घर’, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम बुधवार, 23 सितंबर 2026 को दोपहर एक बजे प्रखंड विकास भवन, शिवाजीनगर में होगा।
कार्यक्रम में मैथिली साहित्य के छह रचनाकार अपनी कविताओं और रचनाओं का पाठ करेंगे। इनमें अनिरुद्ध झा दिवाकर, साहित्य अकादेमी पुरस्कृत अमित कुमार मिश्रा, शेफालिका, राम स्वरूप साहनी ‘रोसड़ाई’, आशा कुमारी और वंदना चौधरी शामिल हैं। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय साहित्यप्रेमियों को मैथिली के रचनाकारों को सुनने और उनकी रचनाओं से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गाम घर के संरक्षक गोविन्द कुमार करेंगे। फ़िल्मकार एन. मंडल आयोजन के समन्वयक की भूमिका में रहेंगे । कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन फ़िल्मकार एन. मंडल द्वारा किया जाएगा।
‘ग्रामलोक’ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और पाठकों तथा रचनाकारों के बीच संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। शिवाजीनगर में होने वाले इस आयोजन में मैथिली भाषा, साहित्य और संस्कृति से जुड़े विषयों पर रचनात्मक संवाद का अवसर भी बनेगा।
साहित्यप्रेमियों को आमंत्रण
आयोजकों की ओर से मैथिली भाषा और साहित्य में रुचि रखने वाले साहित्यप्रेमियों, रचनाकारों, युवाओं और स्थानीय लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। इच्छुक लोग निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर कवियों का रचनापाठ सुन सकते हैं।
कार्यक्रम का विवरण
कार्यक्रम: ग्रामलोक
तिथि: 23 सितंबर 2026, बुधवार
समय: दोपहर 1 बजे
स्थान: प्रखंड विकास भवन, शिवाजीनगर, समस्तीपुर, बिहार
ग्रामीण परिवेश में आयोजित यह साहित्यिक कार्यक्रम मैथिली कविता और रचनात्मक अभिव्यक्ति को स्थानीय स्तर पर मंच देने के साथ साहित्यप्रेमियों के बीच संवाद का अवसर उपलब्ध कराएगा।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें