मधेपुर में मिथिला फूड प्रोसेसिंग स्किल एवं उद्यमिता प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की मांग
न्यूज़ डेस्क : मधुबनी
01:10:2026
मधुबनी : मधेपुर प्रखंड क्षेत्र में ‘मिथिला फूड प्रोसेसिंग स्किल एवं उद्यमिता प्रशिक्षण केंद्र’ की स्थापना की मांग को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मधेपुर प्रखंड क्षेत्र निवासी अनुपम कुमार झा ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से उनके कार्यालय में मुलाकात की और उन्हें आवेदन सौंपा। इस दौरान अनुपम कुमार झा के पिता प्रभाकर झा भी मौजूद थे।
आवेदन के माध्यम से अनुपम कुमार झा ने मधेपुर एवं आसपास के मिथिला क्षेत्र के किसानों, युवाओं और महिलाओं के हित में खाद्य प्रसंस्करण एवं उद्यमिता प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का आग्रह किया। आवेदन में कहा गया है कि मधेपुर का विस्तृत ग्रामीण क्षेत्र कृषि आधारित अर्थव्यवस्था पर निर्भर है। बाढ़, जलजमाव एवं कटाव जैसी समस्याओं के कारण क्षेत्र के किसानों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन क्षेत्र के किसानों की आय बढ़ाने तथा युवाओं एवं महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
प्रस्तावित केंद्र के माध्यम से खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, खाद्य सुरक्षा, ब्रांडिंग, डिजिटल विपणन एवं उद्यमिता का प्रशिक्षण देने का सुझाव दिया गया है। इसके अलावा किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) एवं स्वयं सहायता समूहों को प्रसंस्करण, वित्तीय योजनाओं और बाजार से जोड़ने की व्यवस्था विकसित करने की मांग की गई है।
आवेदन में केंद्र को प्रशिक्षण, प्रसंस्करण सहयोग, पैकेजिंग एवं बाजार संपर्क आधारित मॉडल पर विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है। अनुपम कुमार झा ने मधेपुर क्षेत्र का सर्वेक्षण एवं व्यवहार्यता आकलन कराकर केंद्र की स्थापना की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने इस मामले में आश्वासन दिया कि जल्द ही इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मंत्री के आश्वासन के बाद क्षेत्र में प्रस्तावित केंद्र की स्थापना को लेकर उम्मीद जगी है। अनुपम कुमार झा ने कहा कि केंद्र की स्थापना होने से मिथिला क्षेत्र के किसानों, युवाओं एवं महिलाओं को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण, रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिल सकेंगे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें