*दिल्ली में बिहार के ज्योतिषाचार्य डॉ० राजनाथ झा को "संस्कृत भूषण सम्मान" से अलंकृत किया गया*
*बिहार की दो विभूतियों को ‘संस्कृत भूषण सम्मान’ से मृत्युंजय झा और ज्योतिषाचार्य डॉ. राजनाथ झा को सम्मानित किया गया*
*बिहार के लिए गर्व की बात है-पवन राठौर, सामाजिक कार्यकर्ता*
*दिल्ली में रामायण रिसर्च काउंसिल का भव्य आयोजन; डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज और आचार्य सुदर्शन जी सहित देशभर की 14 हस्तियों को मिला सम्मान*
पटना : 05:11: 2026
संस्कृत के संरक्षण, संवर्धन और भारतीय ज्ञान परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करने के उद्देश्य से 4 नवंबर बुधवार को नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित प्रतिष्ठित होटल आईटीसी मौर्य में द्वितीय ‘संस्कृत भूषण सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। रामायण रिसर्च काउंसिल के प्रकल्प ‘रामायण वार्ता’ के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में बिहार को विशेष प्रतिनिधित्व मिला। बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष श्री मृत्युंजय झा तथा ज्योतिर्वेद विज्ञान संस्थान के निदेशक एवं ज्योतिषाचार्य डॉ. राजनाथ झा सहित देश की 14 विशिष्ट विभूतियों को ‘संस्कृत भूषण सम्मान’ से अलंकृत किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय नेता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी थे। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज, ब्रह्मर्षि डॉ. श्री कृष्ण चामुंडदेशवर्रा महर्षि जी, सुप्रसिद्ध श्रीरामकथावाचक आचार्य सुदर्शन जी महाराज तथा श्रीजानकी कथा के बाल-व्यास वैदेहीनंदन वेदांत जी का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ। संतों, विद्वानों, न्यायविदों, शिक्षाविदों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने समारोह को विशिष्ट गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर रामायण रिसर्च काउंसिल के मुख्य संयोजक एवं भाजपा के निवर्तमान राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री राजेश अग्रवाल, ‘रामायण वार्ता’ के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ के सरगुजा सांसद श्री चिन्तामणि महाराज भी उपस्थित थे।
*न्यायपालिका, शिक्षा और संस्कृत जगत की 14 विभूतियां सम्मानित*
*वैदिक शिक्षा, ज्योतिष एवं वास्तु के क्षेत्र में डॉ. राजनाथ झा का योगदान*
बिहार का प्रतिनिधित्व करने वाले ज्योतिषाचार्य डॉ. राजनाथ झा ज्योतिर्वेद विज्ञान संस्थान के निदेशक हैं। उनके मार्गदर्शन में संस्थान द्वारा संचालित सनातन वैदिक गुरुकुल में विद्यार्थियों को निःशुल्क वैदिक शिक्षा प्रदान की जाती है। ज्योतिष एवं वास्तु के क्षेत्र में उनके कार्यों के साथ संस्कृत, वैदिक ज्ञान और सनातन परंपरा के संरक्षण तथा नई पीढ़ी तक इसके प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला।
डॉ० राजनाथ झा को मिले सम्मान पर न्याय-मंच के संस्थापक सह सामाजिक कार्यकर्ता पवन राठौर, जदयू नेता मनोज मनु, न्याय-मंच के रूपेश कुमार, पंकज सिंह, अभिमन्यु कुमार, संजय सिंह, अभिषेक आनंद, विशाल सिन्हा, ब्रह्मेश कुमार, विशाल राज, निखिल पांडेय ने संयुक्त स्वर में कहा कि उनका यह सम्मान बिहार की वैदिक एवं संस्कृत परंपरा के लिए भी गौरव का विषय है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें