जेएमडीपीएल महिला कॉलेज में विदाई समारोह आयोजित
सेवा, समर्पण और संस्कारों की अमिट विरासत छोड़ गए शिक्षक
सिटी रिपोर्टर : मधुबनी
31:01:2026
स्थानीय महिला कॉलेज के सेमिनार हॉल में सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं कर्मियों के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन भावुक और गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. प्रो. विनय कुमार दास, दर्शन शास्त्र के प्राध्यापक काशी नाथ चौधरी, प्रयोगशाला प्रभारी राम चंद्र सिंहा एवं आदेश पाल राम देव पासवान महिला कॉलेज से औपचारिक रूप से सेवा निवृत्त हुए।
समारोह के दौरान कॉलेज परिवार ने सेवानिवृत्त सभी कर्मियों के दीर्घ, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्राओं ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। वातावरण उस समय भावुक हो उठा जब सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए।
डॉ. प्रो. विनय कुमार दास ने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी नहीं, बल्कि एक साधना है, जिसे उन्होंने पूरे मनोयोग से निभाया। वहीं प्रो. काशी नाथ चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि कॉलेज परिवार उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि दूसरा घर रहा है। प्रयोगशाला प्रभारी राम चंद्र सिंहा और आदेश पाल ने भी अपने जीवन के महत्वपूर्ण पलों को याद करते हुए सभी साथियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में मौजूद प्राध्यापकों एवं कॉलेज कर्मियों ने कहा कि इन सभी कर्मठ व्यक्तित्वों ने अपने ज्ञान, अनुशासन और समर्पण से कॉलेज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। इनके योगदान को कॉलेज परिवार कभी भुला नहीं सकता।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि सेवानिवृत्त कर्मियों का शेष जीवन स्वस्थ, शांति और सम्मान के साथ व्यतीत हो। विदाई के क्षणों में नम आंखों और तालियों की गूंज ने यह स्पष्ट कर दिया कि ये शिक्षक और कर्मी केवल पद से नहीं, बल्कि दिलों से जुड़े रहे हैं।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें