होलिका दहन एवं गर्मी के मौसम को लेकर अग्नि सुरक्षा कार्यशाला आयोजित
सिटी रिपोर्टर : मधुबनी
01:03:2026
आगामी गर्मी के मौसम और होलिका दहन पर्व को देखते हुए शहर के चभच्चा चौक स्थित एक निजी सेमिनार स्थल पर एक दिवसीय अग्नि सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला संदेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी रहे। इस अवसर पर जिला अग्निशमन पदाधिकारी, फायरमैन, स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यशाला में होलिका दहन के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि शहरी एवं देहाती दोनों क्षेत्रों में होलिका की ऊंचाई 10 से 15 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। दहन स्थल का चयन करते समय यह विशेष ध्यान रखा जाए कि आसपास हाई टेंशन विद्युत तार न हों और न ही समीप कोई वृक्ष हो, जिससे आग फैलने की आशंका बढ़ सकती है।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि होलिका दहन स्थल पर कम से कम 400 लीटर पानी की अनिवार्य व्यवस्था की जाए। इसके अतिरिक्त पर्याप्त मात्रा में बालू (रेत) भी पास में रखी जाए ताकि आपात स्थिति में तुरंत आग पर काबू पाया जा सके।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी आयोजकों, ग्रामवासियों और शहरी नागरिकों से अपील की गई कि वे सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें। कार्यशाला के दौरान अग्निशमन कर्मियों द्वारा आग बुझाने के व्यावहारिक उपायों का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन में जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त होलिका दहन सुनिश्चित करना रहा।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें