माध्यमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों की समस्या को लेकर डीईओ को सौंपा ज्ञापन
न्यूज़ डेस्क : मधुबनी
11:03:2026
बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ ने माध्यमिक शिक्षकों के विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है. माध्यमिक शिक्षक संघ के सचिव शंभु कुमार झा ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि जिले के माध्यमिक,उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों का विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए डीईओ कार्यालय में जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ-साथ कार्यरत कर्मियों एवं उनके सहयोगियों से कई बार मिलकर संज्ञान में दिया गया है, पर समस्याओं का अब तक कोई निराकरण नहीं किया जा रहा है.
जिले के सभी प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों का विभागीय निर्देश के आलोक में वेतन निर्धारण, सेवा पुस्तिका का संधारण, वेतन संरक्षण का लाभ एवं बकाया अंतर वेतन का भुगतान कर दिया गया है, पर अबतक माध्यमिक,उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों का वेतन निर्धारण, सेवा पुस्तिका का संधारण, वेतन संरक्षण का लाभ एवं बकाया अंतर वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जो स्पष्ट करता है कि यह भेदभावपूर्ण कार्य किया जा रहा है. कार्यालय कर्मियों द्वारा जिले के एक ही विद्यालय में कार्यरत कुछ शिक्षकों को 10 प्रतिशत की दर से आवास भत्ता दिया जा रहा है, जबकि उसी विद्यालय के कई शिक्षकों को अब भी मात्र 5 प्रतिशत आवास भत्ता दिया जा रहा है. इस भ्रामक नीति के संबंध में कई बार आवेदन के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. विभागीय नियमानुसार नगर निगम क्षेत्र में अवस्थित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को परिवहन भत्ता देने का प्रावधान है. कुछ विद्यालयों के शिक्षकों को दिया भी जा रहा है, पर डीईओ कार्यालय कर्मियों द्वारा भेदभाव की नीति अपना कर कई शिक्षक जो परिवहन भत्ता के लिए पात्र हैं, को परिवहन भत्ता नहीं दिया जा रहा है.विभाग द्वारा निर्देश प्राप्त होने के बावजूद भी डीईओ कार्यालय कर्मियों के द्वारा अभी तक माध्यमिक,उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों का महंगाई भत्ता एवं आवास भत्ता की अंतर राशि का भुगतान नहीं किया गया है.माध्यमिक,उच्च माध्यमिक विद्यालयों के कई शिक्षकों को विभिन्न प्रकार के वेतनादि वर्षों से लंबित रहने के बावजूद भी कार्यालय कर्मियों के द्वारा भुगतान नहीं किया जा रहा है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें