महालता विद्या मन्दिर का हुआ भव्य उद्घाटन
न्यूज़ डेस्क : मधुबनी
18:04:2026
दरभंगा जिला के सकतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उजान गाँव के धर्मपुर टोल में स्थापित *महालता विद्या मंदिर* का भव्य उद्घाटन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर शशिनाथ झा ने की, जबकि स्थानीय विधायक श्री ईश्वर मंडल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि द्वारा विद्यालय के प्रतीक चिह्न एवं ध्वज का औपचारिक अनावरण कर उद्घाटन किया गया।
समारोह का संचालन श्री मुकुल कुमार झा द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राची परासर द्वारा प्रस्तुत भगवती गीत एवं सारांश ठाकुर द्वारा सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में पूर्व कुलपति प्रोफेसर शशिनाथ झा ने शिक्षा के महत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण एवं समाज के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी तथा शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक युग में तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं का विकास अत्यंत आवश्यक है। प्रोफेसर झा ने नए विद्यालय के माध्यम से क्षेत्र में शैक्षणिक उन्नति की आशा व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन को इस पहल के लिए बधाई दी तथा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रोफेसर महेंद्र कुमार ठाकुर ने अपने संबोधन में बताया कि महालता विद्या मंदिर में नर्सरी से कक्षा 8 तक की शिक्षा आधुनिक शिक्षण विधियों, डिजिटल क्लासरूम तथा खेलकूद सुविधाओं के साथ प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम बन सकें। उन्होंने यह भी कहा कि यह संस्थान ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों के विकास का भी केंद्र बनेगा।
अतिथियों का स्वागत ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर श्री विद्या नाथ मिश्र ने किया। इस अवसर पर प्रोफेसर अजय मिश्र, प्रोफेसर इंद्रनाथ झा एवं पंडित शिव एवं हरि नारायण झा शैक्षिक एवं सामाजिक ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री सृष्टि नारायण झा सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में निष्कर्ष ठाकुर, श्रीमती लता ठाकुर, श्रीमती नूतन ठाकुर, प्रोफेसर भवेश्वर सिंह, प्रोफेसर केदार नाथ झा, प्रोफेसर अशर्फी कामत, प्रोफेसर सतीरमण झा, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्रों द्वारा नृत्य, गीत एवं नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के शिक्षक श्री दिनेश यादव ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की व्यवस्था श्री कामेश्वर कामत एवं अध्यापिका भारती झा द्वारा की गई।
अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से श्री आशीष कुमार ठाकुर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों का नामांकन इस संस्थान में कराने का आह्वान किया।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें