विद्वत्-विभूतियों का अभिनंदन: वार्षिकोत्सव में ज्ञान, संस्कृति और सेवा का संगम
रिपोर्ट : उदय कुमार झा
मधुबनी : 3 मई 2026
पंडौल : सरिसब - पाही अन्तर्गत हाटी टोल में पण्डित हरि नारायण झा एवं पण्डित शिव नारायण झा शैक्षणिक एवं सामाजिक सहयोग न्यास के वार्षिकोत्सव समारोह में विद्वानों, शिक्षाविदों एवं समाजसेवियों का भव्य एवं गरिमामय समागम देखने को मिला। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को प्रतिष्ठित ‘मिथिला रत्न’ सम्मान से विभूषित कर उनके उल्लेखनीय कार्यों का अभिनंदन किया गया।
सम्मानित विभूतियों में पूर्व भारतीय प्रशासनिक पदाधिकारी एवं साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित श्री मन्त्रेश्वर झा, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय, दरभंगा के पूर्व कुलपति डॉ. देवनारायण झा, सिविल जज, भागलपुर सुश्री शिल्पा रानी तथा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के संस्कृत विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर श्रीमती मोना शर्मा शामिल रहीं।
समारोह की अध्यक्षता कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. शशिनाथ झा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली के प्रोफेसर डॉ. गंगानाथ झा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के अवकाश प्राप्त वैज्ञानिक डॉ. महेन्द्र कुमार ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक परंपरा के अनुरूप दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ संपन्न हुआ। मंगलाचरण आयुष्मान श्री सारांश ठाकुर द्वारा सस्वर प्रस्तुत किया गया, जिसने वातावरण को आध्यात्मिक भाव से ओतप्रोत कर दिया। स्वागत भाषण श्री सृष्टिनारायण झा ने दिया, वहीं श्री काशीनाथ झा ‘किरण’ द्वारा प्रस्तुत स्वागत-गीत ने समारोह को भावपूर्ण आयाम प्रदान किया।
अतिथियों का पारंपरिक सम्मान पाग, तौनी एवं स्मृति-चिह्न अर्पित कर डॉ. इन्द्रनाथ झा, श्री सृष्टिनारायण झा एवं श्री जीवन मिश्र द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री अमल कुमार झा ने अत्यंत सुव्यवस्थित एवं प्रभावपूर्ण ढंग से संपन्न किया।
इस अवसर पर डॉ. देवनारायण झा, डॉ. मोना शर्मा, डॉ. इन्द्रनाथ झा, डॉ. सदानन्द झा, डॉ. जयानन्द मिश्र, डॉ. असर्फी कामति, श्री जीवन मिश्र एवं श्री योगेश नाथ झा सहित अनेक विद्वानों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षा, संस्कृति एवं समाजसेवा के समन्वय को वर्तमान समय की आवश्यकता बताया।
समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। इनमें प्रमुख रूप से श्री इन्द्रनाथ झा, श्री दीपक कुमार, श्री काशीनाथ झा ‘किरण’, डॉ. शिखा सुमन, प्रो. एम. के. राकेश, श्री जीवन मिश्र, श्री सुशील पाठक, श्री आशीष कुमार ठाकुर, श्रीमती नूतन ठाकुर, श्री रमेश झा, श्री अजीत झा, श्री विनय झा, श्री शिवानन्द झा, श्री अमल कुमार झा, श्री कलानाथ झा, श्री प्रबोध झा, श्री संजीव कुमार झा, श्री उदय नाथ झा, श्री वैद्यनाथ झा, श्री मिथिलेश मिश्र, श्री देवकांत पाठक, श्री सिद्धिनाथ झा, श्री चेतनाथ मिश्र ‘सज्जन’, श्री अमरेन्द्र कुमार झा, श्रीमती रक्षा रानी, श्रीमती निधि, श्रीमती ममता झा, स्नेहा कुमारी एवं श्रीमती सुनीता झा सहित अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित थे।
समारोह के अंत में न्यास द्वारा समाजोन्नयन एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों की सर्वत्र सराहना की गई। साथ ही, ऐसे आयोजनों के माध्यम से सांस्कृतिक चेतना के व्यापक प्रसार एवं समाज के सर्वांगीण विकास का संकल्प व्यक्त किया गया।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें