*"ऑपरेशन सिंदूर” कार्यक्रम में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, कैडेट्स में दिखा अद्भुत उत्साह*
रिपोर्ट : उदय कुमार झा
दरभंगा : 08:05:2026
दरभंगा : एनसीसी की 8 बिहार बटालियन, दरभंगा (मुजफ्फरपुर ग्रुप) के तत्वावधान में सी.एम. कॉलेज (आर्ट्स एवं कॉमर्स), दरभंगा के सेमिनार हॉल में आयोजित “ऑपरेशन सिंदूर” कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना से ओत-प्रोत वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पूरे परिसर में देशभक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके उपरांत एनसीसी कैडेट्स ने आकर्षक परेड संचलन एवं अनुशासन प्रदर्शन प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कैडेट्स की एकरूपता, अनुशासन तथा राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर आयोजित प्रेरणादायक व्याख्यान में वक्ताओं ने युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा समाज एवं देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसने कैडेट्स एवं विद्यार्थियों में उत्साह एवं जोश का संचार किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) मुश्ताक अहमद ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
8 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल डी.के. सिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ. मयंक श्रीवास्तव, डॉ. शशांक शुक्ला, सूबेदार जगत सिंह, हवलदार संदीप सिंह एवं हवलदार नवीन ने भी कैडेट्स को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा एवं सम्मान सर्वोपरि है तथा एनसीसी कैडेट्स राष्ट्र की शक्ति एवं गौरव हैं। वहीं, 2/8 कंपनी एनसीसी के एएनओ लेफ्टिनेंट (डॉ.) शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी एएनओ, सीटीओ एवं कैडेट्स के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में एम.आर.एम. कॉलेज, सी.एम. साइंस कॉलेज, एन.जे.एम. कॉलेज एवं मिल्लत कॉलेज के कैडेट्स की उल्लेखनीय सहभागिता रही। पूरे आयोजन के दौरान “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के नारों से परिसर गुंजायमान रहा। अंत में सभी कैडेट्स को राष्ट्रसेवा, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सदैव समर्पित रहने की शपथ दिलाई गई। “ऑपरेशन सिंदूर” कार्यक्रम ने युवाओं में देशभक्ति की नई ऊर्जा का संचार किया तथा उपस्थित लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत सिद्ध हुआ।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें