दरभंगा का एनसीसी कैडेट बन रहा साइबर डिफेंडर
रिपोर्ट : उदय कुमार झा
मधुबनी : 08:09:2026
दरभंगा : जेआइटी, लखनऊ के परिसर में 20 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में 01 सितंबर से 12 सितंबर, 2026 तक साइबर डिफेंडर कोर्स चलाया जा रहा है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, इस कोर्स में बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर एवं भागलपुर ग्रुप के चुने हुए एनसीसी कैडेट भी भाग ले रहे हैँ ।
आज के साइबर युग में, जहाँ ज्यादा काम डिजिटल आधार पर किया जा रहा है, विभिन्न प्रकार के साइबर अपराध नित्य नए रूप में सामने आ रहे हैँ। देखा जा रहा है कि ये साइबर अपराधी युवा वर्ग के हैँ। भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत आनेवाला NCC देश का सबसे युवा संगठन है। अगर इस संगठन के युवाओं को साइबर अपराध से बचने और निपटने के लिए प्रशिक्षित कर दिया जाए तो पूरे देश एवं समाज को बहुत लाभ मिलेगा। इसी बात को ध्यान में रखते हुए लखनऊ में साइबर डिफेंडर कोर्स चलाया जा रहा है जिसमें कई इलाकों के चयनित प्रशिक्षु कैडेट भाग ले रहे हैँ। इन कैडेटों को साइबर सिक्योरिटी, साइबर लॉ, साइबर खतरों जैसे - फिशिंग, एमआइटीएम, ट्रॉजन हॉर्सस, रैन्समवेयर जैसे विषयों की जानकारी बहुत ही बारीकी से दी जा रही है । इसी कोर्स में मुजफ्फरपुर एनसीसी ग्रुप अन्तर्गत 8 बिहार बटालियन एनसीसी, दरभंगा के सीएम कॉलेज का सर्जेंट शिवम कुमार शर्मा भी भाग ले रहा है, जो बटालियन के लिए हर्ष की बात है ।
इस संबंध में बटालियन के कमांडिंग अफसर ले. कर्नल डी.के.सिंह ने बताया कि अगर हमारा एक कैडेट साइबर डिफेंडर कोर्स करके आ जाएगा तो वह अपनी यूनिट, अपना परिवार और यहाँ के समाज को साइबर खतरों के बारे में आगाह कर सकता है और बचाव का तरीक़ा भी समझा सकता है। आज के परिप्रेक्ष्य में इसका काफ़ी महत्व है। बटालियन के सूबेदार मेजर मदन तमांग ने अपने सर्जेंट के इस महत्वपूर्ण कोर्स में चयन और भाग लेने पर खुशी जाहिर की।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें