Breaking

Post Top Ad

Your Ad Spot

बुधवार, 25 नवंबर 2026

दिसंबर तक निजी स्वास्थ्य संस्थानों का HFR पंजीकरण अनिवार्य

 31 दिसंबर तक नहीं कराया पंजीकरण तो रुक सकता है लाइसेंस नवीनीकरण


--1093 में से सिर्फ 673 संस्थान पंजीकृत, 420 अब भी बाहर


--पुराने आंकड़ों पर लक्ष्य, नए सर्वे में 50 प्रतिशत तक बढ़ सकता है आंकड़ा


दिसंबर तक निजी स्वास्थ्य संस्थानों का एचएफआर पंजीकरण अनिवार्य



सिटी रिपोर्टर : मधुबनी 



 जिले में संचालित सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों को 31 दिसंबर तक हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (एचएफआर) में पंजीकरण कराना अनिवार्य है, निजी अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लिनिक, जांच केंद्र, फार्मेसी और फिजियोथेरेपी सेंटर सहित सभी संस्थानों को डिजिटल रजिस्ट्री में नाम दर्ज कराना होगा। सिविल सर्जन ने सभी संबंधित संस्थानों को निर्देश जारी किया है।

निर्धारित समय-सीमा में पंजीकरण नहीं कराने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि एचएफआर पंजीकरण नहीं कराने वाले संस्थानों के निबंधन एवं लाइसेंस नवीनीकरण में बाधा आ सकती है।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मधुबनी जिले में कुल 1093 स्वास्थ्य संस्थानों के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित है। इसके विरुद्ध अब तक 673 संस्थानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है। यानी करीब 61.6 प्रतिशत लक्ष्य हासिल हुआ है, जबकि शेष 420 संस्थानों का पंजीकरण अभी बाकी है। सिविल सर्जन ने शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

पंजीकरण का लक्ष्य करीब आठ साल पुराने आंकड़ों पर आधारित है। वर्ष 2018 के बाद जिले में कई नए निजी अस्पताल, क्लिनिक, पैथोलॉजी सेंटर और अन्य संस्थान खुले हैं। ऐसे में नए सिरे से सर्वे होने पर संस्थानों की संख्या में करीब 50 प्रतिशत तक वृद्धि होने का अनुमान है। इसलिए केवल 1093 संस्थानों का पंजीकरण पूरा करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि जिले में संचालित सभी संस्थानों की पहचान कर उन्हें एचएफआर से जोड़ना भी जरूरी है।

एचएफआर में पंजीकरण के बाद संस्थान का नाम, पता और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का विवरण डिजिटल रूप से दर्ज रहेगा। इससे विभाग को निजी स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने में मदद मिलेगी और सुविधाओं की व्यवस्थित जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी।

सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले सभी निजी संस्थानों का एचएफआर में पंजीकरण अनिवार्य है। इसमें निजी अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लिनिक और जांच केंद्रों के साथ ग्रामीण चिकित्सक भी शामिल हैं। जिन संस्थानों ने अब तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए 30 दिसंबर से पहले एचएमआईएस पोर्टल पर पंजीकरण करा लें।

पंजीकरण में परेशानी होने पर संचालक अपने प्रखंड के प्रखंड स्तरीय अस्पताल में संपर्क कर सकते हैं। जिला स्तर पर आयुष्मान कार्यालय में भी आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्राप्त किया जा सकता है। विभाग का प्रयास है कि जिले का कोई भी निजी स्वास्थ्य संस्थान एचएफआर पंजीकरण से वंचित नहीं रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Top Ad

Your Ad Spot
cuet.nta.nic.in पर जारी होने वाला है सीयूईटी रिजल्ट, यहां मिलेगा स्कोर कार्ड